उत्तराखंड में मौसम के तेवर तल्ख हैं। पहाड़ से मैदान तक तप रहे हैं और पारा कुलांचे भर रहा है। खासकर मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आने का नाम नहीं ले रहा है। बीते कुछ दिनों से भीषण गर्मी से जनजीवन बेहाल है। गढ़वाल मंडल के मैदानी क्षेत्रों में फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं।हालांकि, कुमाऊं में पर्वतीय इलाकों में वर्षा के कारण कुछ राहत है। मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। कुमाऊं के पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मैदानी क्षेत्रों में चटख धूप खिलने और गर्म हवा चलने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।