आज उत्तराखंड रोडवेज बसों का चक्का जाम, कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का किया ऐलान – Uttarakhand Surya

आज उत्तराखंड रोडवेज बसों का चक्का जाम, कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का किया ऐलान

उत्तराखंड रोडवेज के कर्मचारी तीन माह के लंबित वेतन समेत अन्य मांगों को लेकर आंदोलन पर है. अब उन्होंने हड़ताल पर जाने का ऐलान किया.

देहरादून: उत्तराखंड रोडवेज बसों से सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. तीन माह के लंबित वेतन के भुगतान समेत विभिन्न मांगों को लेकर उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने आज से प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार और बसों का चक्का जाम करने का ऐलान किया है.

गुरुवार को उत्तराखंड परिवहन निगम मुख्यालय में प्रबंध निदेशक रीना जोशी की अध्यक्षता में कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच करीब साढ़े तीन घंटे तक वार्ता चली, लेकिन आखिर में यह वार्ता बेनतीजा रही. इसके बाद उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने हड़ताल पर जाने का मन बन लिया. 30 अक्टूबर यानि आज उत्तराखंड रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल रहेगी.

उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के महामंत्री अशोक चौधरी के मुताबिक वार्ता के दौरान कर्मचारियों के लंबित वेतन, महंगाई भत्ता (डीए), दीपावली बोनस और बस बेड़े का विस्तार करने समेत कई मांगें उठाई गईं. इसके अलावा डग्गामारी पर रोक लगाने और अवैध रूप से संचालित निजी बसों के परमिट पर कार्रवाई की मांग भी रखी गई, लेकिन प्रबंधन की ओर से मांगों पर सहमति नहीं बनने के बाद यूनियन ने आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया.

लंबी दूरी के बस संचालन पर पड़ सकता है असर: यूनियन के अनुसार परिवहन निगम की करीब 70 प्रतिशत बसों का संचालन यूनियन से जुड़े कर्मचारी करते हैं. ऐसे में शुक्रवार से कार्य बहिष्कार और चक्का जाम शुरू होने पर प्रदेश में रोडवेज बसों का संचालन प्रभावित होने की आशंका है. खासकर लंबी दूरी और मैदानी मार्गों पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

तीनों मंडलों की इकाइयों से आंदोलन सफल बनाने की अपील: उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने देहरादून, नैनीताल और टनकपुर मंडलों की सभी इकाइयों से आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की अपील की है. महामंत्री अशोक चौधरी ने कर्मचारियों से एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया.

उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के महामंत्री अशोक चौधरी ने बताया है कि जब तक प्रमुख मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक प्रस्तावित अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार जारी रहेगा. वही ऐसे में अब यात्रियों की नजर परिवहन निगम प्रबंधन और कर्मचारी यूनियन के बीच आगे होने वाली बातचीत पर टिकी है.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *